एक वोट से बनेंगी दो सरकारें : भार्गव - आपका परिश्रम देश का भविष्य तय करेगा


-हजारों कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी प्रत्याशी ने भरा नामांकन
- गाडरवारा की पूर्व विधायक भाजपा में शामिल
होशंगाबाद। यह चुनाव देश के भविष्य को तय करने वाला चुनाव है। आने वाले दिनों में जो परिश्रम आप करेंगे उससे देश की दिशा और दशा तय होगी। इस लोकसभा चुनाव में आपको एक वोट से दो सरकारें चुनने का अवसर मिल रहा है। आपके वोट से पहले तो केंद्र में मोदी की सरकार दोबारा बनेगी। साथ ही प्रदेश की भ्रष्ट और निकम्मी सरकार भी गिर जाएगी। यह बात गुरुवार को स्थानीय एसएनजी स्टेडियम में प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने लोकसभा के पार्टी प्रत्याशी राव उदय प्रताप सिंह के नामांकन पत्र जमा करने के पूर्व आयोजित जनसभा में कही।



भार्गव ने कहा कि यह चुनाव देश के इतिहास का अनूठा ओर अहम चुनाव है। इस चुनाव में एक ओर राष्ट्रवाद का संकल्प लिए, भारत माता की रक्षा और जनसेवा को ही अपना ध्येय मानने वाली आपकी अपनी पार्टी भाजपा है। तो दूसरी ओर कांग्रेस समेत ऐसे तमाम दल हैं जो पाकिस्तान परस्त हैं, जिनकी भाषा और कर्म दोनों देश को तोड़ने वाले हैं। इस चुनाव में ऐसे राष्ट्रविरोधी तत्वों को जवाब मिल जाना चाहिए।



केंद्र की मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पहली बार किसी सरकार ने लोगों का दर्द समझा और उनके हित की योजनाओं को तेजी से अमल में लाने का काम किया। उन्होंने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत कई योजनाओं के नाम भी गिनाए। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में हरेक सीट पर मोदी ही उम्मीदवार हैं।
आंदोलन करेंगे
प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुये उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। प्रदेश में अपराधों का ग्राफ बढ़ गया है। हत्या, लूट और अपहरण की वारदातें आम हो गई हैं। किसानों का कर्ज माफ करने के कांग्रेस के वादे की भी कलाई खुल गई है। युवा बेरोजगारी भत्ते के लिए भटक रहे हैं। सरकार केवल तबादला उद्योग चला रही है। इसकी हकीकत भी सामने आचुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार समय रहते अगर नहीं जागी और मनमानी बंद नही की तो भारतीय जनता पार्टी आंदोलन कर सरकार को नींद से जगायेगी।



सभा को सांसद कैलाश सोनी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ सीताशरण शर्मा, उम्मीदवार राव उदय प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष होशंगाबाद हरिशंकर जायसवाल, नरसिंहपुर अभिलाष मिश्रा, विधायक गण विजयपाल सिंह, प्रेमशंकर वर्मा, ठाकुरदास नागवंशी, प्रदेश प्रवक्ता सुराजो मालवीय, अलकेश आर्य सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
भाजपामय हुआ पूरा शहर
सभा के बाद विजय हुंकार रैली का आयोजन किया गया। रैली एसएनजी स्टेडियम से शुरू हुई ,जो शहर के मुख्य मार्गो से होती हुई सेठानी घाट पहुँची। इस दौरान रास्ते मे युवाओं ने ‘नाम उदय-अभियान उदय’ के नारों से पूरे शहर को गुंजायमान कर दिया। रैली में युवा भाजपा के झंडे लेकर चल रहे थे। इस दौरान पूरा शहर ही भाजपा मय हो गया था। सेठानीघाट पर रावउदय प्रताप सिंह ने माँ नर्मदा की पूजा अर्चना की इसके बाद सिंह ने वरिष्ठ नेताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन पत्र जमा किया।



- पूर्व विधायक पार्टी में शामिल
जनसभा में गाडरवारा की कांग्रेस नेत्री और पूर्व विधायक श्रीमती साधना स्थापक एवं जनपद अध्यक्ष शशिकांत पटेल अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने पार्टी का दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया।